
खंडवा। शहर के सड़कों पर अनगिनत गड्ढे मुसीबत बन रहे हैं। शहर कांग्रेस ने नगर निगम से शेर चौराहे तक के गड्ढे पर कमल के निशान लगा दिए। लोगों को बताया कि भाजपा की ही परिषद के कारण आप यहां गड्ढे भुगत रहे हैं।
शहर की अन्य अव्यवस्थाओं को सुधारने के लिए गुरुवार को दोपहर में कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। संयुक्त कलेक्टर श्री सिंघई को ज्ञापन भी दिया गया।
भ्रष्टाचार फूटने का आरोप
सुश्री रघुवंशी ने कहा कि खंडवा में भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण पूरे शहर में चाँद की सतह जैसे गड्डे हो गए हैं। ऐसा कोई गली-मोहल्ला या रोड नहीं जहाँ गड्डे, जल भराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति ना हो।
गिरते-पड़ते रास्ता हो रहा तय
कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए आंदोलन किया कि आम जनता सड़कों पर हिचकोले खाते, गिरते पड़ते हुए भाजपा को कोसते हुए रेंग रही है। करोड़ो रुपए खर्च करने बाद भी शहर की हालत बद से बदतर होती जा रही है। जनता का पैसा भ्रष्टाचार के चलते भाजपा नेता और अधिकारियों की जेब में जा रहा है।
अंतरिक्ष यात्री की ड्रेस बनी चर्चा में
प्रेमांशु जैन ने बताया कि प्रतिभा रघुवंशी ने अन्तरिक्ष यात्री की वेशभूषा पहनकर कांग्रेसी के साथ सड़कों पर हुए गड्ढों का मुआयना किया। आंदोलन के दौरान रोड से निकल रही कॉलेज की छात्राओं से पूछा गया कि क्या आपको नहीं लगता कि शहर के रोड खराब होने से दुर्घटना हो रही हैं। स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। आँखे खराब हो रही हैं। उनका का जवाब था,”आई एग्रीड” बिल्कुल सही बात है।
प्रशासन को जगाने सौंपा ज्ञापन
निगम तिराहे से लेकर शेर चौराहा तक आंदोलन करने के बाद समस्त कांग्रेसजन रैली के माध्यम से कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। जहां पर कलेक्टर के नाम संयुक्त कलेक्टर ऋषि कुमार सिंघई को ज्ञापन सौपा।ज्ञापन के माध्यम से निवेदन किया गया कि खंडवा शहर की प्रमुख सड़कें विशेषकर बॉम्बे बाजार रोड, तीन पुलिया, रेलवे ब्रीज मार्ग, एवं शहर की अन्य मुख्य सड़कें अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं।
