सीहोर। मानव सेवा के क्षेत्र में रोटरी क्लब के तत्वावधान में एक सराहनीय कार्य संपन्न हुआ. मथुरा के भंडारवन निवासी सदन सिंह के दोनों हाथ एक दुर्घटना में कट गए थे, उन्हें कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराए गए.
जनवरी माह में पारिवारिक यात्रा के दौरान समाजसेवी राजेश काशीव की मुलाकात सदन सिंह से हुई थी. उनकी स्थिति को देखकर राजेश काशीव ने उन्हें कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराने का संकल्प लिया. इस पुनीत कार्य में डॉ. गौरव ताम्रकार ने भी भूमिका निभाई. रोटरी क्लब अध्यक्ष मधुर विजयवर्गीय के नेतृत्व में, सचिव कपिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विपुल चांडक, रघुनंदन निगोदिया तथा डॉ. आशुतोष शर्मा के सहयोग से कृत्रिम हाथों की व्यवस्था की गई. राजेश काशीव एवं डॉ. गौरव ताम्रकार मथुरा के भंडार वन पहुंचे, जहां सदन सिंह को कृत्रिम हाथ लगाए गए. कृत्रिम हाथ लगने के बाद जब सदन सिंह ने स्वयं पानी पिया और पेन पकड़कर कुछ लिखा, तो लोगों ने भावुक होकर इस सेवा कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की. ग्रामीणों ने कहा पुन: आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास वास्तव में अत्यंत पुण्य का कार्य है. रोटरी क्लब के सहयोग तथा राजेश काशीव एवं डॉ. गौरव ताम्रकार के प्रयासों से सदन सिंह को नया आत्मविश्वास और जीवन जीने की नई प्रेरणा मिली है.
