सीहोर। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगातार दूसरे महीने भी 15 दिन के अंतराल पर दो-दो बिल थमा दिए जाने से लोगों में आक्रोश फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ता बड़ी संख्या में कंपनी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
लोगों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली खपत अंधाधुंध दिखाई जा रही है, जिससे बिल कई गुना बढ़ गए हैं। पहले जहां सौ रुपए तक बिल आता था, वहीं अब हजारों रुपए जमा करना पड़ रहा है। किराना दुकान में काम करने वाले अंकुर राठौर ने बताया कि 13 अगस्त को 1490 रुपए का बिल जमा करने के बाद 28 अगस्त को फिर 1170 रुपए का बिल आ गया। महीने में दो बार बिल जमा करने से घर की स्थिति बिगड़ गई है और राशन तक लाना मुश्किल हो गया है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि कार्यालय में मौजूद अधिकारी भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिससे गुस्सा और बढ़ गया। लोगों ने मांग की कि स्मार्ट मीटरिंग में हो रही गड़बड़ियों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। कंपनी ने स्मार्ट मीटर से सटीक बिलिंग और आसान भुगतान का दावा किया था, लेकिन हकीकत में उपभोक्ता दोहरी बिलिंग, बार-बार मीटर बंद होने और तकनीकी खामियों से जूझ रहे हैं।
