
रीवा।पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विंध्य के जननायक श्रीयुत पं. श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमा लगाने पर रोक लगा दी गई है. दरअसल एसएएफ चौराहे के पास भव्य प्रतिमा लगाकर 17 सितम्बर को श्रीयुत जन्म शताब्दी के अवसर पर प्रतिमा का अनावरण धूमधाम के साथ किया जाना था. तमाम प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रतिमा स्थापित करने के लिये स्ट्रेक्चर भी तैयार हो गया. लेकिन अचानक पुलिस लाइन के अधिकारियों ने प्रतिमा स्थल को विभाग की भूमि बताते हुए निर्माण कार्य रोक दिया. लिहाजा प्रतिमा लगाए जाने की योजना पर पानी फिर गया है. साथ ही श्रीयुत के समर्थक और उनके प्रति आस्था रखने वालों की भावना आहत हुई है. राजनीतिक गलियारे में चचाएं गरम हो गई है. पिछले दस दिन से एसएएफ चौराहे के पास स्थल पर काम चल रहा था. बुधवार को अचानक बिछिया पुलिस और पुलिस लाइन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और काम रूकवा दिया. जबकि श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमा भी बन कर तैयार हो चुकी है. ऐसे वक्त में रोक लगाए जाने पर कई सवाल उठने लगे है कि आखिर अभी तक रोक क्यो नही लगी थी? जब अनावरण का प्रचार-प्रसार हुआ तभी रोक क्यो लगाई गई. पुलिस लाइन विभाग का कहना है कि यह जमीन उनकी है, इसके लिये अनुमति नही ली गई है.
परिषद में सर्वसम्मति से प्रस्ताव हुआ था पास
नगर निगम परिषद की बैठक में 31 मार्च 2018 को सर्व सम्मति से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. श्रीनिवास तिवारी एवं पूर्व सांसद महाराजा स्व. मार्तण्ड सिंह की प्रतिमा लगाए जाने का प्रस्ताव पास किया गया था. 30 दिसम्बर 2022 को पं. श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमा को लेकर टेंडर निकाला गया और 20 सितम्बर 2023 को कार्यादेश जारी हुआ. इसी के साथ महापौर अजय मिश्रा बाबा द्वारा कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को 25 अगस्त 2025 को अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिये पत्र लिखा गया. आयुक्त नगर निगम द्वारा कलेक्टर को 20 अगस्त 2025 को अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिये पत्र भेजा गया और जोन क्रमांक एक के प्रभारी ने 14 अगस्त 25 को एसपी को पत्र लिखा.
अचानक निर्माण कार्य पर रोक लगाना समझ से परे: महापौर
रीवा महापौर अजय मिश्रा बाबा ने निर्माण कार्य पर रोक लगाए जाने पर कहा कि अचानक रोक लगाना समझ से परे है. उन्होने बताया कि पहली मेयर इन काउंसिल की बैठक में स्व.महाराजा मार्तंड सिंह जी व विंध्य शिरोमणि स्व.श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी जी की प्रतिमा स्थापना के लिए टेंडर कराने का निर्णय लिया गया, जिसके बाद तत्काल 30 दिसंबर 2022 को टेंडर भी करा दिया गया और कार्यादेश 20 नवंबर 2023 को जारी कर दिया गया है. परिषद् की बैठक 31 मार्च 2018 में सर्वसहमति से विंध्य शिरोमणि स्व.श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी जी की प्रतिमा गुढ़ मार्ग एस एफ चौराहा में स्थापित करने का निर्णय लिया गया था. संविदाकार ने मूर्ति तैयार कर ली है और जब वह उसे स्थापित करने के लिए निर्माण करने लगा तो पुलिस विभाग द्वारा बुधवार को रोक लगा दी गई कि वह जमीन उनकी है. जबकि वह जमीन मप्र शासन की है और मप्र शासन की भूमि पर शहरी क्षेत्र में किसी प्रकार का कोई भी निर्माण करने का अधिकार नगर निगम का है. नगर निगम ने चूंकि दोनो महापुरुषों ने पूरा जीवन सर्वहारा वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया. रीवा ही नहीं विंध्य क्षेत्र के विकास की नींव रखी, जन समस्याओं का निराकरण किया गया. आज के युवाओं के लिए वह प्रेरणाश्रोत हैं. आज के युवा उन्हें भूलें न और उनके किए गए कार्यो को याद रखें इसके लिए प्रतिमा स्थापना करने का निर्णय लिया गया.
