नयी दिल्ली, 10 सितंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, झारखंड आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और रांची पुलिस ने बुधवार को एक संयुक्त अभियान में रांची के इस्लामनगर इलाके से एक संदिग्ध आईएसआईएस आतंकवादी और दिल्ली में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान बोकारो जिले के पेटवार निवासी अशहर दानिश के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी दिल्ली में दर्ज एक मामले के आधार पर की गयी है, जिसके लिए दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की एक टीम उसकी सक्रिय रूप से तलाश कर रही थी। वह कई दिनों से एक लॉज में ठिकाना बनाकर रह रहा था। इसके साथ ही देशभर के 12 से अधिक ठिकानों पर स्पेशल सेल और सेंट्रल एजेंसियों ने छापेमारी की है। अधिकारी वर्तमान में दानिश से उसके कथित संबंधों और गतिविधियों के बारे में और जानकारी हासिल करने के लिए पूछताछ कर रहे हैं। यह गिरफ्तारी एक बड़े, राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है।
देश भर में की गई छापेमारी में कुल आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। छह फिलहाल पूछताछ के लिए हिरासत में हैं, जबकि दानिश समेत दो को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए दूसरे व्यक्ति का नाम मुंबई निवासी आफताब है। उसे राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस ने गिरफ्तार किया। संदिग्ध आतंकवादी नेटवर्क की जांच के लिए अभियान जारी है।

