इंदौर:आजाद नगर क्षेत्र में कटलरी का काम करने वाले युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते सोमवार शाम युवती के घर के सामने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार की देर रात उसकी मौत हो गई.आजाद नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि 32 वर्षीय मृतक राजेश पिता बाबूलाल शाक्यवार निवासी मूसाखेड़ी, एक युवती से प्रेम करता था.
युवती के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था. करीब ढाई महीने पहले युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद राजेश को जेल भी जाना पड़ा था. सोमवार शाम राजेश युवती के घर के सामने पहुंचा और खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी, परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे एमवाय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन मंगलवार की देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
परिजनों ने बताया कि जेल से लौटने के बाद राजेश बेहद परेशान रहने लगा था. उसके परिवार में दो भाई और एक बहन हैं, जबकि माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है. पुलिस ने मामला दर्ज कर परिजनों और युवती पक्ष के बयान लेकर जांच शुरू कर दी है.
