निखत जरीन और जैस्मीन क्वार्टर फाइनल में, पदक से एक जीत दूर

लिवरपूल, 09 सितंबर (वार्ता) दो बार की विश्व चैंपियन निखत जरीन ने मंगलवार को लिवरपूल में विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान की युमा निशिनाका को 5-0 से हराकर अंतिम आठ में जगह बना ली।

29 वर्षीय निखत को शुरुआती दौर में जापानी मुक्केबाज़ से कड़ी टक्कर मिली, लेकिन इस साल अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेल रही इस भारतीय मुक्केबाज को कोई रोक नहीं सका। वास्तव में, निखत की लय तोड़ने की कोशिश में जापानी मुक्केबाज को ज़्यादा क्लिंचिंग के लिए दो पेनल्टी पॉइंट भी मिले।

विश्व मुक्केबाजी कप अस्ताना की स्वर्ण पदक विजेता जैस्मीन लैम्बोरिया ने महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में दो बार की ओलंपियन ब्राजील की जुसीलेन सेर्केरा रोमेउ को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

जैस्मीन और रोमेउ इससे पहले अस्ताना में स्वर्ण पदक के लिए आमने-सामने हुई थीं और भारतीय मुक्केबाज ने कड़े मुकाबले के बाद जीत हासिल की थी। लेकिन लिवरपूल में, जैस्मीन ने तीनों राउंड में दबदबा बनाते हुए 5:0 का स्कोर बनाया और अब वह विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने से बस एक जीत दूर हैं।

भारत ने हाल ही में गठित अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज़ी शासी निकाय, विश्व मुक्केबाजी के तत्वावधान में आयोजित हो रही इस पहली विश्व चैंपियनशिप में 20 सदस्यीय दल उतारा है और पुरुष और महिला दोनों स्पर्धाओं में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है।

विश्व मुक्केबाजी कप के रजत पदक विजेता अभिनाश जामवाल ने भी पुरुषों के 65 किग्रा भार वर्ग के दूसरे दौर में मेक्सिको के ह्यूगो बैरन को 5:0 से हराकर अपना अभियान जारी रखा।

हालांकि, महिलाओं के 54 किग्रा भार वर्ग में साक्षी का सफर यहीं खत्म हो गया, क्योंकि उन्हें राउंड ऑफ 16 में तुर्की की हैटिस अक्बा से 0:5 से हार का सामना करना पड़ा।

लिवरपूल में सनामाचा चानू का अभियान भी कजाकिस्तान की नताल्या बोगदानोवा से 0:5 से हार के साथ समाप्त हो गया।

सचिन (पुरुष 60 किग्रा) कजाकिस्तान के बिबार्स जेक्सेन से 1:4 से हारे जबकि नीरज फोगाट को महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग में इंग्लैंड की स्थानीय उम्मीद साचा हिकी से 2:3 से हार का सामना करना पड़ा। नरेंद्र (पुरुष 90 किग्रा) का सफ़र सोमवार देर रात अपने मुक़ाबले हारकर खत्म हो गया।

Next Post

राउंडग्लास हॉकी अकादमी और साई सोनीपत ने चरण I तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया

Tue Sep 9 , 2025
मोहाली, 09 सितंबर (वार्ता) राउंडग्लास हॉकी अकादमी और भारतीय खेल प्राधिकरण राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, सोनीपत ने ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में पंजाब हॉकी लीग (अंडर-21) के दूसरे संस्करण के चरण I में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। राउंडग्लास हॉकी […]

You May Like