रीवा: जिले में इस बार समय पर मानसून ने दस्तक दी. बावजूद इसके वार्षिक औसत सामान्य वर्षा कम हुई है. हालाकि अभी 20 दिन वर्षाकाल के शेष है. पड़ोसी जिले में अच्छी वर्षा हुई है.विंध्य वासियो के लिये अच्छी खबर यह है कि बाणसागर डैम पूरी तरह से भर चुका है. यहा से नहरो के माध्यम से किसानो के खेतो तक पानी पहुंचता है. इस बार समय पर बाणसागर डैम लबालब हो गया है.
लिहाजा अब रवी की बोनी के लिये किसानो को पर्याप्त पानी मिल सकेगा. उधर बकिया बराज के गेट खोले गये थे जिन्हे बंद कर दिया गया है. सोमवार को दोपहर तक अच्छी खासी धूप रही और दो बजे के बाद झमाझम बारिश हुई, हालाकि यह बारिश सभी जगह नही हुई.
जिले में एक जून से अब तक 760.2 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है. एक जून से अब तक तहसील हुजूर में 1051.1 मिली मीटर, रायपुर कर्चुलियान में 772.5 मिली मीटर, गुढ़ में 1160 मिली मीटर, सिरमौर में 650.8 मिली मीटर, त्योंथर में 579 मिली मीटर, सेमरिया में 670 मिली मीटर, मनगवां में 703 मिली मीटर तथा जवा में 495 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई. कई तहसीलो में बहुत कम वर्षा हुई है.
