
विदिशा। सोमवार को जनपद पंचायत सभागार में ब्लॉक सरपंच संघ विदिशा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सरपंचों ने पंचायत स्तर पर सामने आ रही विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की और अपनी राय रखी। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि विकास कार्यों की गति बेहद धीमी है और शासन द्वारा बार-बार बदले जा रहे नियमों के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
बैठक में कई प्रमुख मुद्दों पर विरोध दर्ज किया गया। सरपंचों ने कहा कि शासन द्वारा ग्राम पंचायतों की 5वें वित्त आयोग की राशि से शांतिधाम एवं अन्य निर्माण कार्य कराने का निर्देश उचित नहीं है, इसकी राशि अलग से स्वीकृत की जानी चाहिए। इसके अलावा पंचायतों में ग्रेवल रोड, शांतिधाम मार्ग और खेत सड़क निर्माण न होने पर असंतोष व्यक्त किया गया।
सरपंचों ने यह भी आरोप लगाया कि 181 पोर्टल पर की गई शिकायतें अक्सर झूठी होती हैं, लेकिन उनका जिले में समय पर निराकरण नहीं हो रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो सरपंच संघ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा और आंदोलन की राह अपनाएगा।
