सामंथा रुथ प्रभु ने सीएम विजय से मुलाकात के बाद उनकी तारीफ की। सामंथा ने कहा कि उन्हें हमेशा लगता था कि विजय सिर्फ फिल्मी हीरो नहीं, बल्कि कुछ बड़ा करने के लिए बने हैं।
दक्षिण भारतीय सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु ने बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात की। इस खास मुलाकात के बाद सामंथा ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा कीं और विजय की जमकर प्रशंसा की। अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें हमेशा से लगता था कि विजय केवल फिल्मी पर्दे के हीरो नहीं हैं, बल्कि वह जीवन में कुछ बड़ा और प्रभावशाली करने के लिए बने हैं।
सामंथा ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में मुख्यमंत्री विजय के साथ कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। पोस्ट में सामंथा ने लिखा कि चेन्नई पहुंचने के बाद उन्हें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की थी कि वह मुख्यमंत्री विजय से मिलने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से विजय के साथ काम करने और उन्हें करीब से देखने के बाद उन्हें हमेशा महसूस हुआ कि वह सिर्फ मनोरंजन जगत तक सीमित रहने वाले व्यक्ति नहीं हैं।
नए क्षेत्र में कदम रखने के साहस की तारीफ
सामंथा ने लिखा कि उनकी ऊर्जा, उनका व्यक्तित्व और लोगों पर उनका प्रभाव हमेशा यह संकेत देता था कि वह कुछ बड़ा करने के लिए बने हैं। मुझे कभी नहीं लगा कि उनका सफर केवल फिल्मों तक सीमित रहेगा। अभिनेत्री ने विजय के राजनीतिक सफर की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी नए क्षेत्र में कदम रखना और अपने पहले से स्थापित करियर से आगे बढ़कर नई चुनौतियों को स्वीकार करना आसान नहीं होता।
विजय अपने समर्थकों को भी चौंका देंगे
सामंथा ने विश्वास जताया कि विजय भविष्य में उन लोगों को भी चौंका देंगे जो पहले से उन पर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह विश्वास केवल उनके पद की वजह से नहीं, बल्कि उनके समर्पण, मेहनत और बदलाव लाने की इच्छा को देखकर पैदा हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय के लिए शक्ति, ज्ञान और अपने उद्देश्य के प्रति अडिग रहने की कामना भी की।
युवाओं के लिए दिया खास संदेश
अपनी पोस्ट के अंत में सामंथा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन अक्सर हमारे शुरुआती सपनों से कहीं अधिक बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने व्यक्तिगत हितों से आगे बढ़कर समाज के लिए योगदान देने के बारे में सोचना चाहिए। सामंथा की यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। फैंस उनकी बातों को विजय के प्रति सम्मान और विश्वास का प्रतीक मान रहे हैं।
