
नैनपुर। शासकीय स्नातक महाविद्यालय नैनपुर में चल रही अनियमितताओं को लेकर मध्यप्रदेश छात्र संघ (MPSU) ने 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्राचार्य को सौंपा। जिला अध्यक्ष मनीष कुमार चड़ार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि अनेक छात्रों की छात्रवृत्ति अब तक लंबित है जिसे शीघ्र स्वीकृत किया जाए, महाविद्यालय में विषयवार समय सारणी जारी कर नियमित कक्षाएं संचालित हों, परिसर एवं पेयजल टंकी की साप्ताहिक साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, बाहरी असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाते हुए छात्रों के लिए आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य किया जाए तथा खिलाड़ियों के लिए खेल मैदान में पिच का निर्माण और नई बिल्डिंग में बैडमिंटन हॉल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि छात्र अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन कर सकें। छात्र संघ ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों का निराकरण शीघ्र नहीं किया गया तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा जिसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
