दतिया: शारदीय नवरात्रि एवं दीपावली दौज पर पवित्र रतनगढ़ माता मंदिर पर आयोजित होने वाले मेले की तैयारी अभी से शुरू हो गई है। पूर्व के हादसों को देखते हुए प्रशासन काफी सतर्कता से काम ले रहा है। गौरतलब है कि कुछ साल पहले इस मंदिर पर नवरात्रि मेला में मची भगदड़ में मप्र में अब तक की सबसे भयावह भगदड़ की घटना हुई थी जिसमें करीब सवा सौ लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे।
यही वजह है कि प्रशासन इस बार सतर्क है। मेला की व्यवस्थाओं को लेकर 9 सितम्बर को महत्वपूर्ण बैठक रखी गई है। यह बैठक संभाग आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में अपरान्ह 3 बजे सेंवढा तहसील में स्थित माता रतनगढ़ मंदिर परिसर स्थित कार्यालय में होगी। बैठक में ग्वालियर, दतिया व भिण्ड जिले के कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक, संबंधित जिलों के वन मण्डलाधिकारी, जिला पंचायत के सीईओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी शामिल होंगे।
