इटारसी। शहर की सुरक्षा और पुलिसिंग को और आधुनिक बनाने के लिए अब पुरानी डायल 100 सेवा की जगह डायल 112 ने ले ली है। इस बदलाव के तहत इटारसी को तीन नई और हाई-टेक फस्र्ट रिस्पॉन्स व्हीकल (एफआरवी) गाड़ियां मिल गई हैं, जो अब आपात स्थितियों में तेज़ और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेंगी।
रात 9 बजे इटारसी थाने पहुंचीं इन गाड़ियों का निरीक्षण अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टी. प्रतीक राव, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेंद्र मिश्रा, तहसीलदार शक्ति सिंह तोमर और थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने किया। अधिकारियों ने गाड़ियों में मौजूद सभी अत्याधुनिक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
आधुनिक तकनीक से लैस, बेहतर सुरक्षा
जीपीएस सिस्टम और मैप: घटनास्थल तक पहुंचने में कम समय।
हाई-टेक कैमरा: पुलिस की कार्रवाई को रिकॉर्ड कर पारदर्शिता बढ़ाएंगे।
स्ट्रेचर की सुविधा: घायल लोगों को तुरंत मेडिकल सहायता उपलब्ध कराएगी।
डायल 112 का उद्देश्य सभी आपातकालीन सेवाओं पुलिस, फायर और एम्बुलेंस को एक ही नंबर पर एकीकृत करना है, ताकि संकट के समय सिर्फ एक कॉल पर हर तरह की मदद मिल सके। यह कदम इटारसी के नागरिकों के लिए सुरक्षा और भरोसे की नई दिशा तय करेगा।
