महू: महू कैंटोनमेंट बोर्ड कार्यालय के बाहर सोमवार को गौरक्षक एवं बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मृत गौ माता के शव को रखकर धरना-प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने बोर्ड प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की. बाद में अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ. इसके बाद कैंट बोर्ड के अधिकारियों ने मुक्तिधाम महू परिसर में गौ माता के शव को विधिवत तरीके से दफनाया.
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि चना गोदाम क्षेत्र में एक गौ माता की मृत्यु हो गई थी. इसकी सूचना तत्काल कैंटोनमेंट बोर्ड को देकर जेसीबी मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई थी, ताकि मृत गौ माता को विधिवत दफनाया जा सके, लेकिन बोर्ड द्वारा जेसीबी उपलब्ध नहीं कराई गई. बाद में जब कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो गौ माता का शव वहां से गायब मिला.
जानकारी लेने पर पता चला कि शव को कैंटोनमेंट बोर्ड के स्लॉटर हाउस के पास काटा जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया. प्रदर्शनकारियों ने शहर में घूम रही आवारा गायों पर नियंत्रण नहीं होने पर भी नाराजगी जताई और कहा कि ऐसे पशुओं के मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाना चाहिए. इस पर कैंटोनमेंट बोर्ड अधिकारी सतीश अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की घटना नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया.
