
सतना। मैहर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरुवार को सांसद गणेश सिंह और विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी की उपस्थिति में आगामी शारदेय नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर रानी बाटड, एसपी सुधीर अग्रवाल, एएसपी चंचल नागर, एसडीएम दिव्या पटेल सहित संबंधित अधिकारी व मां शारदा प्रबंध समिति मौजूद रहे।
सांसद सिंह ने कहा कि नवरात्रि मेले में देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में मंदिर व नगर प्रवेश द्वारों को आकर्षक ढंग से सजाया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु जलपान, पेयजल, सफाई व स्टॉल लगाने की व्यवस्था सामाजिक संस्थाओं से कराई जाए। कलेक्टर बाटड ने बताया कि लगभग 600 पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित होगा। सुरक्षा व यातायात हेतु ई-रिक्शा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
