नयी दिल्ली, 05 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय वाणिज्य एवं औद्योगिक मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में कटौती का लाभ जनता तक पहुंचे इसके लिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालय समन्वित रूप से प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उद्योग जगत ने उनको यह भरोसा दिलाया है कि जीएसटी की दरों में कमी का लाभ वह जनता तक पहुंचाएंगे।
श्री गोयल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज़ादी के बाद टैक्स के मोर्चे पर जनता को सबसे बड़ी राहत जीएसटी की दरों में कमी करके दी है। उन्होंने कहा कि किसान, महिलाओं और हर वर्ग के उपभोक्ता को 22 सितम्बर को नवरात्रि के पहले दिन तोहफा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जीएसटी दरों में कमी करने के ऐतिहासिक और व्यापक बदलाव के लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। उनका यह निर्णय देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।”
श्री गोयल ने कहा कि इतनी बड़ी राहत देश के उपभोक्ताओं को दी गई है, यह ‘इज ऑफ़ डूइंग बिजनेस’ के लिए प्रभावशाली साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस फैसले से एक नई उमंग के साथ हमारे देश के किसान, युवा, महिलाएं, एमएसएमई और हर वर्ग के उपभोक्ता को एक बड़ा तोहफा 22 सितंबर को नवरात्रि के पहले दिन मिलने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जैसा कि आपको पता है 15 अगस्त को प्रधानमंत्री ने लालकिले की प्राचीर से देश से वादा किया था कि अब देश निकल पड़ा है, रुकेगा नहीं, झुकेगा नहीं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब 2014 में हमारी सरकार आयी तो उस समय देश की अर्थव्यवस्था कितनी कमजोर थी, ये हम सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार के अलावा कोई प्रभावशाली कदम नहीं उठाए गए।
श्री गोयल ने कहा कि 2018 में 100-150 वस्तुओं पर जीएसटी की दरों में एक साथ कम किए गए थे। उन्होंने कहा कि देश के उपभोक्ताओं को लाभ देने का यह सिलसिला लगातार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने अनाप शनाप, झूठे आरोप लगाए और गलतफहमियां पैदा करने का भरसक प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आप सभी को पता है कि 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार के समय जो बोझ पेपर वर्क और टैक्स का था, वो 2017 में जीएसटी आने के बाद लगातार घट रहा है।
