दिल्ली में घटने लगा यमुना का जलस्तर, अब भी खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर

नयी दिल्ली, 04 सितंबर (वार्ता) दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर गुरुवार को घटना शुरू हो गया, हालांकि यह अब भी खतरे के निशान से दो मीटर से ज्यादा ऊपर बना हुआ है।

केंद्रीय जल बोर्ड के अनुसार, दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर आज सुबह छह बजे यमुना में पानी 207.48 मीटर तक पहुंच गया था जो इस साल इसका उच्चतम स्तर है। हालांकि उसके बाद जलस्तर में धीरे-धीरे कमी आनी शुरू हो गयी है और रात आठ बजे तक यह 207.42 मीटर पर आ गया था।

यहां खतरे का निशान 205.33 मीटर पर है। वहीं यमुना में अब तक सबसे से अधिक जलस्तर 13 जुलाई 2023 को 208.66 मीटर दर्ज की गयी थी।

यमुना में एक सितंबर की रात जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया था। फिलहाल नदी किनारे कुछ निचले इलाकों में पानी भरा हुआ है जिसके कारण कई लोगों को अपना घर छोड़कर दूसरी जगहों पर जाना पड़ा है। कुछ लोगों ने राहत शिविरों में भी शरण ली है।

वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि संबंधित विभाग स्थिति पर लगातरा नजर रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार 2023 जैसी स्थिति नहीं होगी क्योंकि यमुना से गाद पहले ही निकाल लिया गया है और पानी जिस रफ्तार से आ रहा है उसी रफ्तार से निकल भी रहा है।

 

Next Post

विमान पर बैठकर निकले बाल गोपाल 

Thu Sep 4 , 2025
बनखेड़ी। बनखेड़ी में डोल ग्यारस पर विमान पर बैठ बाल गोपाल कन्हैया नगर भ्रमण को निकले। श्रीराम जानकी मंदिर में बाल गोपाल का पूजन आरती हुई ‌। और शाम 4 बजे दर्जनों विमान नगर प्रमुख मार्ग से निकले । खैरापति मंदिर में घाट पूजन कार्यक्रम किया गया। विमान पुराना बाजार […]

You May Like