
जबलपुर। शनिवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा। दिनभर आसमान में बादलों और सूर्यदेव के बीच लुकाछिपी का खेल चला । शाम ढलते ही काले बादलों ने डेरा डाल लिया। थोड़ी देर के लिए रिमझिम बारिश हुई इसके बाद हवाएं बरसने वाले बादलों को ले उड़ी। बीते दिनों से रूक-रूककर हो रही बारिश के कारण वातावरण में ठंडक घुल गई। चौबीस घंटे में 23.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है। जबकि मानसून सीजन में बारिश का आंकड़ा 616.2 मिमी पर पहुंच गया।
चौबीस घंटे में बारिश और 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका मौसम विभाग ने जाहिर की है। वहीं – रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बांध में पानी की आवक कम होने से शनिवार की शाम 4.30 बजे इसके सभी गेट बंद कर दिये गये हैं। बरगी बांध का जलस्तर शनिवार की शाम 4 बजे 421.15 मीटर दर्ज किया गया था उस समय बांध में 582 क्यूमेक वर्षा जल प्रवेश कर रहा था बरगी बांध का पूर्ण जल भराव स्तर 422.76 मीटर है बांध के ऑपरेशनल मेंन्युल के मुताबिक 31अगस्त तक इसका जल स्तर 422.50 मीटर तक रखा जा सकता है।
