
भोपाल। मध्यप्रदेश में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बयान को लेकर भाजपा नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि सिंघार ने जनजातीय समाज का अपमान किया है। जनजातीय समाज सनातन धर्म और भगवान महादेव की पूजा परंपरा से जुड़ा रहा है। उन्होंने सिंघार को सलाह दी कि बयान देने से पहले समाज के गौरवशाली इतिहास का अध्ययन करें।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद गजेंद्र पटेल ने कहा कि संविधान और जनगणना दोनों में आदिवासी समाज को हिंदू समाज का अंग माना गया है। जनजातीय लोग सभी हिंदू पर्व मनाते हैं और उनकी जीवनशैली हिंदू परंपराओं से जुड़ी है।
प्रदेश प्रवक्ता व सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि सिंघार का बयान जनजातीय समाज को धार्मिक रूप से बदनाम करने वाला है। उन्होंने मांग की कि सिंघार पूरे देश से माफी मांगें।
