भिंड:असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भिंड जिले के गोहद चौराहे पर महिला कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन करते हुए विरोध दर्ज कराया।महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा एवं प्रदेश अध्यक्ष रीना सेतिया के निर्देशानुसार प्रदेश महासचिव शांति कुशवाह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने गोहद चौराहे पर एकत्रित होकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का पुतला दहन किया और उनके विरुद्ध जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही प्रदेश महासचिव शांति कुशवाह ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा देश की सबसे पुरानी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ अमर्यादित भाषा का उपयोग करना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा: “राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन भाषाई मर्यादा को लांघना भारतीय लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। हम इस प्रकार की अभद्र टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं और मांग करते हैं कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की जाए।”
इस दौरान भिंड जिला महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में मांग की कि सार्वजनिक जीवन में गरिमा बनाए रखना अनिवार्य है। गोहद चौराहे पर हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इस प्रकार की अमर्यादित बयानबाजी पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
