
जबलपुर। थानों में रिपोर्ट करने पहुंचने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करें, थाना प्रभारी स्वयं शिकायतकर्ता को सुने एवं त्वरित निर्णय लेते हुये विधि सम्मत कार्यवाही करें। लंबित सीएम हैल्प लाईन एवं जनसुनवाई की शिकायतों का शीघ्र संतुष्टीपूर्ण निकाल करें। ऐसे गम्भीर अपराध जिनमें आरोपी फरार हैं, फरार आरोपियों पर ईनाम उद्घोषित करायें, पतासाजी कर शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी करें। यह बातें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी.सी. सागर द्वारा पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय की उपस्थिति में राजपत्रित अधिकारियों एवं शहर थाना प्रभारियों की बैठक लेते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों, वृद्धों एवं समाज के कमजोर वर्गो के प्रति संवेदनशील रहते हुये इनके द्वारा की गयी शिकायतों पर तत्काल विधिसंगत कार्यवाही करते हुये तत्काल राहत पहुंचाएं, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नही होना चाहिये। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 समर वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात अपराध ) श्रीमति सोनाली दुबे, नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक तथ थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
