
सीधी। थाना क्षेत्र मझौली अंतर्गत ग्राम ताला एवं मेडरा के मध्य एक खलिहान में आज दोपहर करीब 12.30 बजे लगी आग से जहां गेहूं की पूरी फसल जलकर राख हो गई वहीं ट्रैक्टर व क्रेशर भी जल गये । घटना में ताला निवासी आधा दर्जन किसान प्रभावित हुए हैं। प्रभावित किसानों में आशा पति स्व. ओंकार तिवारी, अरुणोदय एवं शिवम पिता स्व. ओंकार तिवारी, भगवत पिता स्व. वैद्यनाथ तिवारी, प्रतिमा पति अनूप तिवारी, सुनीता पति स्व. अनुपम तिवारी शामिल हैं। इन सभी की गेहूं की फसल इसी खलिहान में रखी थी। बताया गया कि मुनींद्र गुप्ता पिता रामकरण गुप्ता निवासी मेड़रा के ट्रैक्टर थ्रेसर से गेहूं की गहाई शुरू कराया और कुछ ही देर में ट्रैक्टर के साइलेंसर से चिंगारी निकल कर फसल में जा गिरी और देखते ही देखते आग ने पूरे फसल सहित ट्रैक्टर क्रेशर को अपने आगोश में ले लिया। किसान आग के आगे बेवश और मजबूर दिखे क्योंकि वहां तत्काल पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी।
