
इंदौर. बीसीसी यानि ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में गुरुवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर को विकास की नई दिशा देने वाले कई महत्वपूर्ण ऐलान किए. उन्होंने इंदौर–मनमाड़ रेलवे लाइन को लेकर केंद्र सरकार से चल रही सकारात्मक चर्चा की जानकारी दी, वहीं जीएसटी सिस्टम को और सरल बनाने का भरोसा भी दिलाया.
इसी मंच से सीएम ने इंदौर–उज्जैन मेट्रो प्रोजेक्ट के विस्तार, 50 सिटी बसों की शुरुआत और सफाई मित्रों संग भोजन जैसे संदेशात्मक कदमों से माहौल को ऊर्जा से भर दिया.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर–मनमाड़ रेलवे लाइन प्रदेश और पश्चिम भारत के बीच सीधा कनेक्शन बनाएगी. इस परियोजना के पूर्ण होने से इंदौर से नासिक, मुंबई और गुजरात तक के सफर में न केवल समय बचेगा, बल्कि व्यापार और उद्योगों को भी नई गति मिलेगी. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता में रखकर केंद्र से समन्वय कर रही है.
जीएसटी को लेकर उन्होंने कहा कि व्यापारियों और उद्योगों को राहत देने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं. “हमारा लक्ष्य है कि टैक्स सिस्टम इतना सरल और पारदर्शी बने कि व्यापारी बिना किसी परेशानी के व्यवसाय कर सकें,” उन्होंने अपने संबोधन में कहा.
इंदौर–उज्जैन मेट्रो लाइन को लेकर भी सीएम ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में इसका काम तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने कहा कि मेट्रो के विस्तार से दोनों शहरों के बीच का सफर न केवल आसान होगा बल्कि दोनों के बीच उद्योग और शिक्षा जगत को भी बड़ा लाभ मिलेगा.
समाज के सबसे निचले तबके को सम्मान देने की परंपरा निभाते हुए मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सफाई मित्रों के साथ भोजन किया. साथ ही इंदौर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 50 नई सिटी बसों को हरी झंडी दिखाई. सफाई व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन पार्षदों और तीन वार्डों को भी मंच से सम्मानित भी किया. इस मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने सीएम के इन ऐलानों और कदमों का स्वागत किया.
