एनआईए ने बंगलादेशी किशोरी तस्करी मामले में 10 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया

नयी दिल्ली, 18 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक नाबालिग बंगलादेशी लड़की की तस्करी से जुड़े मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है।

एजेंसी ने ओडिशा की विशेष अदालत में पेश की गयी चार्जशीट में कहा है कि ये आराेपी इस किशोरी को नौकरी का लालच देकर पूर्वी इलाके की सीमा पार कर ओडिशा ले आये और बाद में पैसा कमाने की नीयत से उसे अनैतिक गतिविधियों में धकेल दिया।

एनआईए की जांच में पता चला है कि लड़की के परिवार की खराब आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी उसे तस्करी का शिकार बनाने में सफल रहे। यह मामला एक बड़े मानव तस्करी नेटवर्क की ओर भी इशारा करता है।

शुरुआत में ओडिशा पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अदालत में दो आरोपपत्र दाखिल किए थे। इसके बाद एनआईए ने जांच अपने हाथ में लेते हुए पश्चिम बंगाल के कई ठिकानों पर छापे मारे और दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन आरोपियों के सोशल मीडिया खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच के आधार पर एजेंसी ने उनके दो अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया।

एनआईए ने अब सभी दस आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो कानून तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में आरोपपत्र दायर कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

 

 

 

Next Post

उच्चतम न्यायालय ने झारखंड विधानसभा नियुक्ति अनियमितता मामले पर सुनवाई के दौरान सीबीआई को लगायी फटकार

Tue Nov 18 , 2025
नयी दिल्ली, 18 नवंबर (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने झारखंड विधानसभा में नियुक्तियों और पदोन्नतियों में कथित अनियमितताओं की जाँच से संबंधित एक याचिका पर सुनवाई करते हुए मंगलवार को केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) से सवाल किया कि एजेंसी का इस्तेमाल ‘राजनीतिक लड़ाई लड़ने’ के लिए क्यों किया जा रहा है। […]

You May Like

मनोरंजन