
सिंगरौली। बैढ़न-बरगवां मार्ग गुरुवार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक ठप रहा। राजासरई पेट्रोल पंप के पास कोल वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें ग्राम मोखा निवासी 15 वर्षीय आर्यन साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता राजेश व छोटा भाई घायल हो गए। हादसे से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और कोल परिवहन बंद करने व अलग सड़क बनाने की मांग की। जाम से 4 किमी लंबा जाम लग गया, दर्जनों बसें व वाहन फंसे रहे। घटना स्थल पर भारी पुलिस बल व प्रशासन मौजूद रहा। आप नेताओं ने भी परिजनों की मांग का समर्थन किया। करीब पांच लाख रुपये मुआवजा देने के बाद मामला शांत हुआ। आर्यन पिता व छोटे भाई के साथ ननिहाल से लौटते समय हादसे का शिकार हुआ।
