
छतरपुर। जिले में लगातार बढ़ रही मोबाइल चोरी और गुमशुदगी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए छतरपुर पुलिस ने विशेष अभियान “ऑपरेशन विश्वास” चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस ने गुरुवार दोपहर लगभग 1:30 बजे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 21 लाख रुपये मूल्य के 101 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि बरामद मोबाइल अलग-अलग थानों में दर्ज गुमशुदगी और चोरी के मामलों से जुड़े हुए थे। पुलिस ने न केवल मोबाइल बरामद किए, बल्कि इस चोरी के नेटवर्क में शामिल 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इनसे और भी वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
एसपी ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक पुलिस ने 321 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस उपलब्धि को उन्होंने पुलिस और आम नागरिकों के बीच भरोसा मजबूत करने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन बरामद कर सीधे पीड़ितों को लौटाना पुलिस की पारदर्शी कार्यशैली को दर्शाता है।
