इंदौर: क्राइम ब्रांच ने देर रात देवास नाके से एक साल से फरार चल रहे हत्या के आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार किया. आरोपी को मुंबाई के ठाणे के शांतिनगर में प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या करने के बाद से लगातार फरारी काट रहा था. उसकी गिरफ्तारी के बाद अब मामले की बागडोर महाराष्ट््र पुलिस संभालेगी.एडीशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि 24 अक्टूबर 2024 को ठाणे के शांतिनगर क्षेत्र में नीतू सिंह की उसके प्रेमी राजीव सिंह ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी.
इस वारदात के बाद से मुंबई पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह जगह-जगह ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा. आरोपी पर इनाम घोषित कर उसके फोटो भी महाराष्ट्र के कई जिलों में वायरल किए गए थे. क्राइम ब्रांच को मुखबिर से खबर मिली कि आरोपी यूपी से एक ट्रक में बैठकर इंदौर की तरफ आ रहा है. देवास नाके पर सतर्कता बढ़ाई गई और यहां पहुंचने पर मुखबिर ने राजीव की पहचान कर दी.
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल कर ली. इसके बाद ठाणे पुलिस को सूचना दी गई, जो अब आरोपी को लेने के लिए इंदौर आ रही है. राजीव ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि फरारी के दौरान उसने अपना हुलिया बदल लिया था. वह अलग-अलग ढाबों और होटलों में रुकता और लगातार शहर बदलकर पुलिस से बचता रहा. करीब एक साल तक गिरफ्तारी से बचने के बाद आखिरकार वह क्राइम ब्रांच के शिकंजे में आ गया. क्राईम ब्रांच की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है.
