छतरपुर। लवकुशनगर थाना पुलिस ने कस्बा क्षेत्र में हुई फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम अमित रिछारिया पिता गणेश रिछारिया, निवासी चंदला रोड लवकुशनगर है।
पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले रात में आरोपी ने अपने साथियों के साथ फरियादी के घर में घुसकर तोड़फोड़ की थी। इस दौरान उसने अवैध देशी कट्टे से फायर कर हत्या का प्रयास भी किया। घटना की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में जांच के आधार पर आयुध अधिनियम की धारा भी बढ़ाई गई।
पुलिस टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
आरोपी अमित रिछारिया पहले से ही अवैध हथियार रखने, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े करीब 7 मामलों में लिप्त पाया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और विवेचना की जा रही है।
