
सिंगरौली। जीएसटी अपवंचन की सूचना पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) और जीएसटी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सिंगरौली-बैढ़न सहित कई स्थानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान अनिल कुमार शाह द्वारा कई फर्मों से फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लेकर करोड़ों का राजस्व नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया। प्रारंभिक आकलन में करीब 20 करोड़ की कर चोरी का अनुमान लगाया गया है, जो और बढ़ सकता है।
टीम ने छापेमारी में कई बोगस दस्तावेज और डिजिटल डेटा जब्त किए हैं, जिनकी जांच जारी है। कई फर्मों व संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ में फर्जी बिलिंग और संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण भी मिले हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू रीवा डॉ. अरविंद सिंह ठाकुर और जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर दीप खरे के नेतृत्व में की गई।
सूत्रों का कहना है कि शाह की कई बड़े ठेकेदारों और कोल परिवहन कारोबारियों से मिलीभगत है। वहीं, बैढ़न के एक बसपा नेता पर भी लाखों की देनदारी का आरोप है, जिन्हें राशि जमा करने का अल्टीमेटम दिया गया है। इस कार्रवाई से पूरे बैढ़न में मंगलवार से ही चर्चाओं का माहौल गर्म है।
इनका कहना:-
बैढ़न क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई जारी है। कार्रवाई के दौरान कम्प्यूटर, मोबाईल एवं अन्य दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं, जैसे-जैसे बोगस दस्तावेज मिलते जाएंगे, आगे की कार्रवाई भी जारी रहेगी। उक्त फर्म में जुड़े लोगों के भी नाम सामने आ रहे हैं।
अरविन्द सिंह ठाकुर
पुलिस अधीक्षक, ईओडब्ल्यू रीवा
