चूहे ने कुतर दिए थे हाथ, नवजात की मौत

इंदौर. एमवाय अस्पताल के एनआईसीयू में चूहों द्वारा नवजातों को कुतरने की घटना ने मंगलवार को और गंभीर मोड़ ले लिया, जब प्रभावित दो शिशुओं में से एक की मौत हो गई. प्रबंधन ने भले ही मौत का कारण चूहों का हमला मानने से इनकार किया हो, लेकिन लापरवाही की परतें खुलने पर कई जिम्मेदारों पर कार्रवाई की गई है.

ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले जन्म के बाद एनआईसीयू में भर्ती दो नवजातों को चूहों ने कुतर दिया था. इलाज के दौरान मंगलवार को एक शिशु ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा ऑपरेशन के बाद वेंटिलेटर पर है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. अस्पताल प्रशासन का दावा है कि मृतक शिशु का वजन महज 1.2 किलो था, हीमोग्लोबिन बेहद कम था और उसे गंभीर सर्जिकल जटिलताएं थीं. डॉक्टरों के मुताबिक उसकी मौत का कारण सेप्टिसीमिया है, न कि चूहे का काटना. घटना सामने आने के बाद डीन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मारग्रेट जोजफ को हटाया, नर्सिंग ऑफिसर आकांक्षा बेंजामिन और श्वेता चौहान को निलंबित कर दिया. सहायक प्रभारी कलावती बलावी और प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर प्रवीणा सिंह सहित कई जिम्मेदारों को नोटिस जारी किया गया है. साथ ही पेस्ट कंट्रोल की जिम्मेदारी संभालने वाली आउटसोर्स एजाइल कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना ठोका गया है. इस बीच चिकित्सा स्वास्थ्य आयुक्त ने भी डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. मामले की जांच के लिए पांच डॉक्टरों और एक नर्सिंग ऑफिसर की उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है, जो एक हफ्ते में रिपोर्ट सौंपेगी.

जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा

अस्पताल परिसर में चूहों की मौजूदगी को लेकर स्टाफ भी दहशत में है. खुद कर्मचारियों ने माना कि एनआईसीयू में कई दिनों से बड़ा चूहा सक्रिय है. डीन ने दावा किया कि नियमित पेस्ट कंट्रोल होता है और बारिश के कारण हाल में चूहों की समस्या बढ़ी है. फिर भी वार्ड में चूहों की सक्रियता की जानकारी छिपाने पर जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा.

Next Post

पारिवारिक विवाद में हुई हत्या का पर्दाफाश, फरार आरोपी गिरफ्तार

Wed Sep 3 , 2025
इंदौर. क्षिप्रा पुलिस ने महज तीन दिनों में हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को दबोच लिया. मामला ग्राम बरलाई जागीर का है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते 55 वर्षीय प्रकाश यादव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसे मंगलवार देर […]

You May Like