
मंडला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले और पूर्व अध्यक्ष एड. राकेश तिवारी ने किया।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 31 अगस्त को रतलाम में आयोजित “वोट चोर गद्दी छोड़” रैली के दौरान भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाज़ी कर श्री पटवारी पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटनाएँ भाजपा प्रायोजित हैं और सत्ताधारी दल लोकतांत्रिक विरोध की आवाज़ से भयभीत होकर विपक्ष के शीर्ष नेताओं को निशाना बना रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि श्री पटवारी की सुरक्षा तत्काल प्रभाव से उच्च स्तर पर नहीं बढ़ाई गई तो इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को पर्याप्त सुरक्षा न देना लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।
