इंदौर: तालाब में डूबकर गैंगस्टर सलमान लाला की मौत के बाद पुलिस ने अब उसके नेटवर्क और सोशल मीडिया फॉलोअर्स पर नजरें टिका दी हैं. क्राइम ब्रांच ने उन युवकों की जानकारी जुटाना शुरू कर दी है, जो गैंगस्टर की रील बनाकर सोशल मीडिया पर डाल रहे थे.क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक सलमान लाला के सोशल मीडिया फैन फॉलोअर्स की कुंडली खंगाली जा रही है.
उसकी मौत के बाद कई युवकों ने इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर वीडियो और रीलें पोस्ट कीं, जिन पर पुलिस ने बारीकी से निगरानी शुरू कर दी है. सोमवार को हुए सलमान के अंतिम संस्कार में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे. पुलिस ने वहां मौजूद संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया है.
खास बात यह रही कि सीहोर से भोपाल और भोपाल से इंदौर तक समर्थकों का काफिला शवयात्रा और पुलिस वाहन के पीछे-पीछे चलता रहा। इस दौरान पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी. सूत्रों का कहना है कि पुलिस कस्टडी में सलमान के भाई और करीबियों से लगातार पूछताछ हो रही है। अब तक उनसे हथियारों और ड्रग तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ की गई है. जांच में नेटवर्क से जुड़े कुछ और नाम सामने आए हैं, जिन पर कार्रवाई के लिए विशेष टीमें लगा दी गई हैं.
