नयी दिल्ली, 31 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि शहीदों के प्रति एक सुरक्षा गार्ड का प्रेम गौरवान्वित करता है।
श्री मोदी ने आकाशवाणी पर प्रसारित मासिक ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा कि गुजरात के सूरत में रहने वाले सुरक्षा गार्ड जितेन्द्र सिंह राठौड़ ने एक ऐसी अद्भुत पहल की है, जो हर देशभक्त के लिए बहुत प्रेरणादायक है। श्री राठौड़ पिछले कुछ वर्षों से उन सभी जवानों के बारे में जानकारियां जुटा रहे हैं, जिन्होंने देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर किये हैं। उनके पास आज विश्व युद्ध से लेकर अब तक शहीद हुये हजारों वीर जवानाें के बारे में जानकारियां मौजूद हैं। उनके पास शहीदों की हजारों तस्वीरें भी हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि श्री राठौड़ को एक शहीद के पिता ने जो कहा था वो बातें उसके दिल को छू गयीं। शहीद के पिता ने कहा था, “ बेटा गया तो क्या हुआ, वतन तो सलामत है ना।” इस बात ने श्री राठौड़ के मन में देश भक्ति का एक अद्भुत जुनून भर दिया और आज वह कई शहीदों के परिवारों के संपर्क में हैं। उन्होंने करीब ढ़ाई हजार शहीदों के माता-पिता के चरणों की मिट्टी भी अपने पास लाकर रखी है। सशस्त्र बलों के प्रति उनके गहरे प्रेम और जुड़ाव का यह जीवंत उदाहरण है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “ राठौड़ जी का जीवन हमें देश-भक्ति की वास्तविक सीख देता है।”
