टूरिज्म कॉन्क्लेव में मिले 3500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

*सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा : म.प्र. की पर्यटन नीति भा रही है निवेशकों को, पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने 7 निवेशकों को जारी किये एलओए*

 

*75 करोड़ से अधिक के विरासत कार्यों का हुआ शिलान्यास*

 

नवभारत न्यूज

ग्वालियर 30 अगस्त। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ग्वालियर पर्यटन कॉन्क्लेव में साढ़े तीन हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 6 निवेशकों को लैटर ऑफ अलॉटमेंट प्रदाय किये गये, इससे 60 करोड़ से अधिक का निवेश और बड़ी संख्या में रोजगार सृजन होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को ग्वालियर के कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित दो दिवसीय रीजनल टूरिज्म कान्क्लेव को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरें विश्व स्तर पर आकर्षण का केंद्र हैं। इनके संरक्षण और प्रचार-प्रसार से प्रदेश न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि ‘आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध भारत’ के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में आज राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर पर ग्वालियर में पहली बार रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव हो रहा है। ग्वालियर देश की राजधानी के करीब का क्षेत्र है। राजा मानसिंह तोमर संगीत विश्वविद्यालय, ग्वालियर के भवन निर्माण के लिए 50 करोड़ की धनराशि आवंटित की गई है। जीवाजी विश्वविद्यालय में पीएम उषा योजना के तहत विकास कार्यों के लिए भी बड़ी धनराशि दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीवा के बाद अब पर्यटन विकास के लिए ग्वालियर अंचल को भी कई सौगातें मिल रही हैं। ग्वालियर के राजा मानसिंह किले में विभिन्न विकास कार्यों के लिए इंडिगो कंपनी द्वारा अपने कॉर्पोरेट सोशल रेस्पांसिबिलिटी फंड (सीएसआर कोष) से 100 करोड़ रुपए दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर की रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में उद्योगपति सचिन गुप्ता ने 1000 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा अन्य निवेशकों एवं उद्योग समूहों की ओर से कुल 3500 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव राज्य सरकार को इस कान्क्लेव के माध्यम से मिले हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि यह कॉन्क्लेव 11 से 13 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली ‘मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट’ की तैयारियों का हिस्सा है। टूरिज्म सैक्टर के लिए यह महत्वपूर्ण होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि रविवार (31 अगस्त) को मुरैना जिले को अनेक सौगातें मिलेंगी। मुरैना के पीपरसेरा औद्योगिक प्रक्षेत्र में करीब 500 करोड़ रुपए की लागत से हाइड्रोजन कारखाने का शिलान्यास किया जा रहा है।

 

निवेशकों को लैटर ऑफ अलॉटमेंट

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉन्क्लेव के दौरान पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 7 भूमियों के लिए 6 निवेशकों को लैटर ऑफ अलॉटमेंट प्रदान किए। प्रदेश में इससे सीधे तौर पर 60 करोड़ रूपये से अधिक का निवेश और प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के असंख्य अवसर पैदा होंगे। इन भूमियों पर होटल, रिसॉर्ट और ईको टूरिज्म यूनिट आदि का निर्माण किया जाएगा। श्री अरूण तिवारी को 40 कक्षों के साथ ईको टूरिज्म एक्टिविटी के लिये गांधी सागर मंदसौर और हेमाबर्डी धार में, श्री यश जैन को 20 कक्षों का रिसॉर्ट बनाने रहीपुरा बुराहनपुर में, श्रीमती स्मृति मुकुल थोराट, मेसर्स श्री साईं वेयर हाउस एण्ड एग्रो सर्विस को 20 कक्षों का रिसॉर्ट बनाने बिजाना शाजापुर में, श्री अमित उपाध्याय को 25 कक्षों का होटल/ रिसॉर्ट बनाने के लिये कागपुर विदिशा में, श्री संजय पाव को 22 कक्षों के साथ ईको टूरिज्म एक्टिविटीज के लिये गांधी सागर मंदसौर में और श्री विकास नेमा/प्रवीण नायक मेसर्स ए.एन. एसोसिएट्स को 30 कक्षों का रिसॉर्ट बनाने के लिए लैटर ऑफ अलॉटमेंट प्रदान किया गया।

 

प्रमुख निवेशकों और हितधारकों के साथ संवाद

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉक्लेव में पर्यटन उद्योग के कई प्रमुख निवेशकों और हितधारकों के साथ संवाद किया। साथ ही उन्हें मध्यप्रदेश के समृद्ध पर्यटन क्षेत्र में निवेश करने और राज्य के विकास में भागीदार बनने के लिये आमंत्रण दिया।

 

पर्यटन को बढ़ावा एवं विरासतों के संरक्षण के लिए शिलान्यास एवं विमोचन

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर–चंबल क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देने एवं विरासतों के संरक्षण के लिए विकास कार्यों का शिलान्यास एवं विमोचन किया। स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत ग्वालियर में ऐतिहासिक फूलबाग क्षेत्र में 17 करोड़ रूपये के विकास कार्यों और राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय में 58.46 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के डेलबर्टो संस्था के सहयोग से प्रदेश की पारंपरिक शिल्प एवं बुनाई कला को बढ़ावा देने के लिए शिल्पकारों के उत्पादों के Craftgroom ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और ग्वालियर किले के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार की गई कार्ययोजना का विमोचन किया गया।

कॉन्क्लेव को विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र लोधी, प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट एवं पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी संबोधित किया।

Next Post

मांडविया ने खेल सामग्री विनिर्माण के प्रथम सम्मेलन में 'गर्व से स्वदेशी' का समर्थन किया

Sat Aug 30 , 2025
नयी दिल्ली, 30 अगस्त (वार्ता) खेल सामग्री निर्माण को लेकर नए गजट जारी होने के बाद केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित खेल सामग्री निर्माण सम्मेलन कार्यक्रम का पहला आयोजन दिल्ली में किया गया l मंत्रालय द्वारा आयोजित खेल सामग्री निर्माण सम्मेलन कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले और […]

You May Like