नयी दिल्ली 14 मार्च (वार्ता) भारत ने अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के ताजा हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान के अफगानिस्तान पर हमलों के संबंध में मीडिया के सवालों के जवाब में शनिवार को कहा, ” भारत अफगानिस्तान की धरती पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें कई नागरिकों की मृत्यु हुई और नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। ”
उन्होंने इसे अफगानिस्तान के प्रति पाकिस्तान का शत्रुता पूर्ण रवैया और आक्रामक कृत्य करार दिया। उन्होंने कहा, ” यह संप्रभु अफगानिस्तान के विचार के प्रति शत्रुतापूर्ण रवैया रखने वाली पाकिस्तानी सत्ता का एक और आक्रामक कृत्य है। भारत दोहराता है कि अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का पूर्ण सम्मान किया जाना चाहिए।”
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान मे रात को बड़ा हमला किया। पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए अफगान सीमा के बारमाल जिले में ड्रोन से 7 ठिकानों पर हवाई हमले किए जिनमें कुछ नागरिकों के मारे जाने की रिपोर्ट है।
