
बदनावर। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात अमर शहीदों एवं बलिदानियों की आत्मशांति और मोक्ष की कामना को लेकर सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या के अवसर पर 10 अक्टूबर को सुबह 9 बजे नागेश्वर धाम स्थित पवित्र कुंड पर सामूहिक तर्पण एवं श्राद्ध कर्म किया जाएगा।
ऐसा अनूठा आयोजन भारत में बदनावर में ही होता है। इस परंपरा को भाजपा नेता शेखर यादव ने 23 वर्ष पूर्व प्रारंभ की थी और यह निरंतर अनवरत जारी । रहेगी।
भारत माता मंदिर शहीद गैलरी संस्था के संस्थापक शेखर यादव एवं कार्यक्रम संयोजक कन्हैयालाल गुर्जर ने बताया कि यह आयोजन 23वें वर्ष आयोजित किया जा रहा है। अखंड आश्रम के स्वामी विशुद्धानंदगिरी महाराज के सानिध्य में होने वाले कार्यक्रम में पं. सुरेशचंद्र शर्मा द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक सामूहिक तर्पण कराया जाएगा।
तर्पण के पश्चात भारत माता की आरती, अमर शहीदों को पुष्पांजलि एवं दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही धूप एवं पूजन कर देश के अमर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
शहीद गैलरी संस्था द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह आयोजन देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, महापुरुषों तथा ज्ञात-अज्ञात बलिदानियों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का अनूठा प्रतीक बन चुका है। आयोजन में बदनावर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक शामिल होकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
