इंदौर: हिंदी पखवाड़े के तहत इंदौर रेलवे स्टेशन परिसर में 17 सितंबर को स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति की ओर से संदेश वाचन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक, चर्चगेट और रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के हिंदी पखवाड़े के अवसर पर दिए गए संदेशों का वाचन समिति के अध्यक्ष ने किया.
संदेश के माध्यम से रेलवे के कामकाज में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया. कर्मचारियों को दैनिक शासकीय कार्यों में हिंदी के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में इंदौर रेलवे स्टेशन के विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस दौरान राजभाषा हिंदी के महत्व और रेलवे कार्यों में इसके उपयोग को लेकर जागरूक किया गया. कार्यक्रम के अंत में कर्मचारियों ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग देने का संकल्प लिया.
