
छिंदवाड़ा। नगर निगम छिंदवाड़ा द्वारा शहर में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को आयुक्त चंद्रप्रकाश राय के निर्देशानुसार चौहारी नाला क्षेत्र एवं मटन मार्केट क्षेत्र में खुले में मांस, मटन एवं मछली का विक्रय करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान मटन मार्केट क्षेत्र से 3 मीट की दुकानों को हटाया गया, वहीं चौहारी नाला क्षेत्र से 2 मछली विक्रेताओं को हटाया गया। सभी पर जब्ती की कार्रवाई करते हुए खुले में विक्रय को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया।
यह पूरी कार्रवाई आयुक्त श्री चंद्रप्रकाश राय की उपस्थिति में की गई। इस दौरान स्वच्छता निरीक्षक अरुण कुमार गढ़ेवाल एवं अनिल लोट अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर मांस-मछली का खुले में विक्रय न केवल स्वच्छता के लिए हानिकारक है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। आयुक्त श्री राय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई दुकानदार खुले में मांस या मछली का विक्रय करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निगम का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि शहरवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।
