एमपी-यूपी बॉर्डर पर अवैध शराब के अड्डों पर छापा, हजारों किलो महुआ लाहन नष्ट

छतरपुर | मुख्यमंत्री मोहन यादव के कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम से पहले बीती शाम आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ ज़बरदस्त कार्रवाई की। शनिवार सुबह इसका वीडियो सामने आया, जिसमें हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरसेड़ और इमलिया के कबूतरा डेरों पर छापा मारते हुए टीम नज़र आई।

कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने करीब 4500 किलो महुआ लाहन और कई मदिरा निर्माण की भट्टियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके साथ ही 46 लीटर हाथ भट्टी मदिरा ज़ब्त की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में कुल 6 प्रकरण दर्ज किए गए।

हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह जाती है। हाल ही में परेथा गाँव में जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी बीमार हैं। ग्रामीणों ने माँग की है कि प्रशासन केवल छापेमारी तक सीमित न रहे, बल्कि नशा मुक्ति अभियान चलाए, रोज़गार के साधन उपलब्ध कराए और बच्चों को नशे से दूर रखने के प्रयास करे।

सहायक आबकारी आयुक्त भीमराव वैद्य ने बताया कि यह इलाका एमपी-यूपी सीमा से जुड़ा हुआ है, जहाँ लंबे समय से अवैध कच्ची शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। विभाग हर दो-तीन महीने में कार्रवाई करता है, शराब और भट्टियाँ नष्ट की जाती हैं, लेकिन लोग बार-बार फिर उसी धंधे में लौट आते हैं।

Next Post

हत्या करने के इरादे से पत्रकार पर हमला 

Sat Aug 30 , 2025
जबलपुर‌। गढ़ा थाना अंतर्गत सिंघई पेट्रोल पम्प के सामने बदमाशों ने हत्या करने के इरादे से पत्रकार पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि सुनील सेन 40 वर्ष निवासी त्रिपुरी चौक गढ़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि […]

You May Like