बीकानेर, 30 अगस्त (वार्ता) राजस्थान के बीकानेर में राज्य सीनियर शतरंज प्रतियोगिता 31 अगस्त से शुरू होगी।
बीकानेर शतरंज संघ के सचिव शैलेश गुप्ता ने शनिवार को बताया कि स्थानीय अग्रवाल चेतना समिति भवन, जयनारायण व्यास काॅलोनी में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य स्तर के करीब 400 खिलाडी शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि पहली बार राज्य स्तर की इस प्रतियोगिता में एक लाख रुपये की इनामी राशि वितरित की जायेगी।
श्री गुप्ता ने बताया कि यह प्रतियोगिता आठ चक्रों में स्विस पद्धति से खेली जायेगी। इस प्रतियोगिता में कई राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बीकानेर शतरंज संघ के अध्यक्ष लक्ष्मण राघव ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन खेल एवं युवा मामलों के राज्यमंत्री के.के. बिश्नोई 31 अगस्त को करेंगे। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए संघ के कोषाध्यक्ष हनुमान अग्रवाल की अध्यक्षता में एक आयोजन समिति का गठन किया गया है।

