कटनी: मध्यप्रदेश के कटनी में शुक्रवार को देश के सबसे लंबे ग्रेड सेपरेटर ट्रैक पर पहली बार कोयला लोड मालगाड़ी का सफल संचालन हुआ। बिलासपुर से आई यह मालगाड़ी अप लाइन से बीना की ओर रवाना हुई। संचालन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारी और कर्मचारी पूरे समय मौजूद रहे।1248 करोड़ रुपये की लागत से बने इस प्रोजेक्ट में अप ग्रेड सेपरेटर 16 किमी और डाउन ग्रेड सेपरेटर 18 किमी लंबा है, यानी कुल 34 किमी।
इसमें 18 किमी वायाडक्ट, 3 किमी रिटेनिंग वॉल और 13 किमी अर्थवर्क शामिल हैं। यह एलिवेटेड ट्रैक कटनी जंक्शन, न्यू कटनी जंक्शन और कटनी मुड़वारा स्टेशन के ऊपर से गुजरते हुए मालगाड़ियों के लिए बायपास का काम करेगा। इससे व्यस्त यार्ड से मालगाड़ियों का दबाव कम होगा और यात्री ट्रेनों की आवाजाही भी सुगम होगी।
कटनी-सिंगरौली रेललाइन दोहरीकरण परियोजना के तहत इस ट्रैक का ट्रायल 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से किया गया, जिसे ड्रोन कैमरे से रिकॉर्ड किया गया। रेलवे ने बताया कि सुरक्षा जांच जारी है और शेष कार्य वर्ष के अंत तक पूरे किए जाएंगे। इसके बाद कमिश्नर रेल सेफ्टी (CRS) निरीक्षण करेंगे।
