कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ सोहावल और नागौद क्षेत्र का लिया जायजा

सतना: कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने एक बार फिर कर्मचारियों की लापरवाही पर ऑन स्पॉट एक्शन लिया है. शुक्रवार को औचक निरीक्षण पर स्वास्थ्य विभाग पहुंचे कलेक्टर ने मौके से नदारद रहीं मेडिकल ऑफिसर को बर्खास्त करने का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजने के निर्देश दिए. इसके अलावा विभाग के प्राचार्य और बीआरसी सहित आधा दर्जन कर्मचारियों की एक वेतन वृद्धि रोकने का आदेश भी जारी कर दिया.

कलेक्टर द्वारा शुक्रवार को सोहावल और नागौद विकासखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया. उनके साथ सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य, एस डी एम नागौद जीतेन्द्र वर्मा, सीएमएचओ डॉ. एलके तिवारी, डीपीसी विष्णु त्रिपाठी, डीसीएम डॉ. ज्ञानेश मिश्रा, जनपद सीईओ प्रतिपाल बागरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
इस दौरान हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पहुंचे कलेक्टर ने नॉन कम्युनिकेबल डिजीज (एनसीडी) मरीजों की पहचान और उपचार के लिए नियमित कैम्प लगाने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने कम हीमोग्लोबिन वाले बच्चों की सूची पर जानकारी अधूरी मिलने पर सीएचओ को पोर्टल के साथ-साथ मैन्युअल रजिस्टर में भी रिकॉर्ड रखने को कहा. इसी कड़ी में सोहावल और नागौद विकासखंड के औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एक महिला द्वारा चश्मा न मिलने की शिकायत पर सीएमएचओ को निर्देशित किया कि अंधत्व निवारण कार्यक्रम के डीपीएम और एपीएम को शोकॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाए.

हेडमास्टर व बीआरसी के वेतन वृद्धि पर रोक

मुड़हा विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कक्षा 6 में संस्कृत की किताबें नहीं मिलने पर हेड मास्टर कल्याणपति चतुर्वेदी, जन शिक्षक उदय तिवारी और बीआरसी दिवाकर तिवारी की 1 वेतन वृद्धि रोकने के आदेश दिए. वहीं, मुड़हा कला के विद्यालय में क्षतिग्रस्त किचेन शेड की स्थिति पर भी 3 अधिकारियों की वार्षिक वृद्धि रोकने के निर्देश दिए.

मेडिकल ऑफिसर की सेवा होगी समाप्त

जसो के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में निरीक्षण के दौरान पता चला कि संविदा पर तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ. वीना सरकार छह माह से ड्यूटी से गायब हैं. ऐसे में उनकी सेवा समाप्त करने का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजा गया. वहीं, जसो के बालिका हॉस्टल से संलग्न हायर सेकेंडरी स्कूल में किताबें पूरी नहीं मिलने पर प्राचार्य के वेतन वृद्धि रोक लगाने के आदेश दिए.

Next Post

सोनी सब के शो ‘उफ़्फ़… ये लव है मुश्किल’ में हुयी रिद्धिमा पंडित की एंट्री

Sat Aug 30 , 2025
मुंबई, (वार्ता) सोनी सब के शो ‘उफ़्फ़… ये लव है मुश्किल’ में अभिनेत्री रिद्धिमा पंडित की एंट्री हो गयी है। सोनी सब का शो ‘उफ़्फ़… ये लव है मुश्किल’ लगातार दर्शकों के लिए रोमांचक मोड़ लेकर आ रहा है। शो की कहानी में अब अभिनेत्री रिद्धिमा पंडित शामिल हो रही […]

You May Like

मनोरंजन