मांडविया ने ऐतिहासिक यूरोपीय तिहरा खिताब जीतने वाले युवा फुटबॉलरों को किया सम्मानित

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुरुवार को मोहाली स्थित मिनर्वा अकादमी फुटबॉल क्लब के युवा फुटबॉलरों को सम्मानित किया।

डॉ. मांडविया ने कहा कि यूरोप में मिली जीत भारतीय फुटबॉल के लिए एक नई शुरुआत है। भारत की 22 खिलाड़ियों की अंडर-14/15 टीम ने जुलाई-अगस्त 2025 में अभूतपूर्व यूरोपीय तिहरा खिताब हासिल करके इतिहास बनाया। इस दौरान भारतीय टीम ने गोथिया कप (स्वीडन), दाना कप (डेनमार्क) और नॉर्वे कप (नॉर्वे) जीते।

डॉ. मांडविया ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरव हासिल करने की हमारी खोज में यह भारतीय फुटबॉल के लिए एक नई शुरुआत है।”

केंद्रीय मंत्री ने युवा एथलीटों से आग्रह किया कि वे जहां भी भाग लें, ‘राष्ट्र प्रथम’ को ध्यान में रखें। उन्होंने कहा, “मनोवैज्ञानिकों के माध्यम से इन युवाओं के खेल विज्ञान, पोषण और मानसिक लचीलेपन पर अधिक बल दिया जाना चाहिए। इससे भारत जीत की राह पर बना रहेगा। इन युवाओं को अपने आत्मविश्वास और खेल के प्रति अपने जुनून को बनाए रखना होगा।”

ये टूर्नामेंट दुनिया की तीन सबसे प्रतिष्ठित युवा फ़ुटबॉल प्रतियोगिताओं में से एक माने जाते हैं। इन टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम 26 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपराजित रही। टीम ने दक्षिण अमेरिका, यूरोप और अन्य देशों के युवा क्लबों के खिलाफ 295 गोल दागे और कुछ ही गोल खाए।

खेलो इंडिया से मान्यता प्राप्त मिनर्वा अकादमी एफसी की अंडर-14 बालक वर्ग की टीमें गोथिया कप 2025 के दौरान खेल रही थीं। उन्होंने इस जुलाई में स्वीडन में ‘युवा विश्व कप’ के नाम से प्रसिद्ध गोथिया कप 2025 के फाइनल में अर्जेंटीना के एस्कुएला डे फ़ुटबॉल 18 टुकुमान को 4-0 से हराया था। कोन्थौजम योहेनबा सिंह (सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, गोथिया कप) और हुइड्रोम टोनी (सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, दाना कप) जैसे खिलाड़ियों ने भी व्यक्तिगत सम्मान अर्जित किया।

 

 

Next Post

पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा निंदनीय: शाह, नड्डा

Thu Aug 28 , 2025
नयी दिल्ली, 28 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व ने गुरूवार को बिहार में वोटर अधिकार यात्रा में कांग्रेस-आरजेडी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के लिए कथित तौर पर अभद्र भाषा के प्रयोग को निंदनीय और लोकतंत्र को कलंकित करने वाला बताया […]

You May Like

मनोरंजन