त्योहारों पर शांति और सुरक्षा को लेकर पुलिस की बैठक, ड्रोन सर्विलेंस से होगी निगरानी

सीहोर। आगामी त्यौहारों डोल ग्यारस, मिलाद-उल-नबी और गणेश विसर्जन को देखते हुए जिले में कानून व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस उप महानिरीक्षक ओम प्रकाश त्रिपाठी ने समीक्षा बैठक की. जिला स्तरीय बैठक एसपी कार्यालय में तथा आष्टा अनुभाग की बैठक थाना आष्टा में आयोजित हुई.

बैठक में त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई. डीआईजी ने निर्देश दिए कि नगर पालिका, एमपीईबी, फॉरेस्ट, राजस्व, होमगार्ड सहित सभी विभाग आपसी समन्वय से तैयारी करें. उन्होंने रात्रि गश्त को सक्रिय रखने, धार्मिक एवं आयोजन स्थलों की चेकिंग करने और डीजे संचालकों को अनावश्यक गाने व नारे न बजाने के लिए समझाइश देने के निर्देश दिए.

विसर्जन स्थलों पर क्रेन, गोताखोर, तैराक और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ समितियों से बैठक कर रूट प्लान, यातायात, पार्किंग व सुरक्षा प्रबंधन को व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया. उन्होंने जुलूस मार्गों की प्रभावी निगरानी, ड्रोन सर्विलेंस, संवेदनशील क्षेत्रों में बल की विशेष तैनाती, सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी और रिजर्व बल की त्वरित सक्रियता पर भी विशेष बल दिया.

बैठक में एसपी दीपक कुमार शुक्ला, एएसपी सुनीता रावत, एसडीओपी पूजा शर्मा, सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

 

Next Post

मातृशक्ति ने पटवारी के खिलाफ किया प्रदर्शन

Thu Aug 28 , 2025
भैरूंदा. भाजपा मंडल महिला मोर्चा द्वारा दुर्गा मंदिर चौराहा पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा मातृशक्ति के संबंध में की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन कर पुतला फूंका गया. मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि जीतू पटवारी का यह बयान न केवल महिलाओं का अपमान है, […]

You May Like