
सिवनी मालवा। सिवनी मालवा के प्रसिद्ध नर्मदा तट आंबलीघाट में सोमवार तडक़े स्नान के दौरान राजस्थान से आए श्रद्धालु का पैर फिसलने से नर्मदा की तेज धार में बह गया। घटना के बाद से लगातार सर्चिंग अभियान चल रहा है, लेकिन दूसरे दिन मंगलवार देर शाम लापता व्यक्ति का शव नसरुल्लागंज थाना अंतर्गत नर्मदा के घाट पर मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के लिए लेकर गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खेड़ापा वाले रामस्नेह संप्रदाय के महाराज चातुर्मास प्रवास हेतु आंबलीघाट में उनके प्रवचन सुनने आए राजस्थान जोधपुर जिले के सूरपुरा खुर्द गांव निवासी ओमा राम जाट (46), पिता मांगीलाल जाट सोमवार सुबह करीब 5 बजे स्नान के लिए घाट पहुंचे थे। अचानक पैर फिसल जाने से वे गहरे पानी में चले गए और नर्मदा की तेज धारा में बह गए। घटना की सूचना पर सिवनी मालवा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सोमवार से ही आंबलीघाट पर सर्चिंग शुरू की। मंगलवार को भी एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में सिवनी मालवा थाना प्रभारी राजेश दुबे ने अपनी टीम के साथ आंबलीघाट सहित नर्मदा तट के आगे के घाट पर पथाडा घाट, बाबरी घाट, डिमावर घाट, कजली घाट तथा भिलाडिया घाट पर शिवपुर थाना प्रभारी विवेक यादव, तहसीलदार एसएस रघुवंशी ने अपनी टीम के साथ खोज अभियान चलाया।
थाना प्रभारी राजेश दुबे ने बताया कि इस समय नर्मदा नदी का जलस्तर काफी ऊंचा और धार तेज है, जिससे रेस्क्यू अभियान में कठिनाई आ रही है। बावजूद इसके, एसडीआरएफ की टीम लगातार तलाश में जुटी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को शाम नसरुल्लागंज थाना अंतर्गत नर्मदा के घाट पर शव मिला है। नसरुल्लागंज पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के लिए शव को लेकर गए।
