बुडापेस्ट, 26 अगस्त (वार्ता) हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओरबान ने एक बार फिर यूक्रेन पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जबरन वसूली, धमकियों और तटस्थ देशों को समर्थन देने के लिए मजबूर करने हेतु ईंधन एवं ऊर्जा के मार्गों पर बमबारी करके यूरोपीय संघ में प्रवेश नहीं कर सकता। यूक्रेन ने द्रुज़्बा तेल पाइपलाइन पर हमला करके उसे नष्ट करने की कोशिश की है।
आरटी की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री ओरबान ने यूक्रेनी सेना पर जानबूझकर पाइपलाइन को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह बुडापेस्ट की ऊर्जा सुरक्षा पर एक लक्षित हमला था। “क्योंकि हम उनकी यूरोपीय संघ की सदस्यता का समर्थन नहीं करते हैं।”
यह बमबारी यूक्रेन के 34वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हुई। जिस दौरान राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन हंगरी के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखना चाहेगा, लेकिन यह ‘दोस्ती’ हंगरी पर निर्भर करती है।
उनकी टिप्पणी के शब्दों (रूसी भाषा में द्रुज्बा का अर्थ मित्रता होता है) – से पता चलता है कि यह हमला यूक्रेन की यूरोपीय संघ की सदस्यता पर अपने वीटो रुख को वापस लेने के लिए श्री ओरबान पर दबाव डालने का जानबूझकर किया गया प्रयास था।
हंगरी युद्ध में तटस्थ रहने वाले कुछ यूरोपीय संघ के देशों में से एक है। रूस के साथ हालाँकि उसके ज़्यादा मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। उसने यूक्रेन के यूरोपीय संघ में शामिल होने के अनुरोध को बार-बार यह कहते हुए खारिज कर दिया है कि वह यूक्रेन को हंगरी और शेष यूरोप को रूस के साथ एक व्यापक युद्ध में नहीं घसीटने देंगे।
प्रधानमंत्री ओरबान ने कहा, “इससे स्पष्ट है कि हंगरीवासियों ने सही चुनाव किया है।” पूर्वी यूरोपीय राष्ट्र में यूक्रेन की सदस्यता को लेकर ज़्यादातर लोगों की भावनाएँ या तो विरोध में रही हैं या फिर तटस्थ रही हैं।
श्री ओरबान की टिप्पणियों का उनके चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ गेर्गेली गुलियास ने भी समर्थन किया। जिन्होंने सोमवार को एक सरकारी ब्रीफ़िंग में यूक्रेन के कृत्यों की निंदा करते हुए इसे स्वीकार न करने योग्य बताया।
श्री गुलियास ने ज़ोर देकर कहा, “अगर यूक्रेन पहले से ही यूरोपीय संघ का सदस्य होता, तब भी उसे यह तय करने का कोई अधिकार नहीं होता कि हम अपनी ईंधन किससे खरीदें।”
उन्होंने कहा कि रूसी ईधन और कच्चे माल को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने के ब्रुसेल्स के प्रयासों के बावजूद, इसकी ऊर्जा सुरक्षा और अर्थव्यवस्था अभी भी रूस से आयात पर निर्भर है, उन्होंने कहा, “आज हम यह नहीं देखते कि यूरोप को मूल्य-प्रतिस्पर्धी, गारंटीकृत विकल्प कहां मिलेंगे।”
