नयी दिल्ली, 25 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये जबकि गेहूं में नरमी रही। चीनी में भी तेजी दर्ज की गयी। दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का नवंबर वायदा 36 रिंगिट फिसलकर 4,493 रिंगिट प्रति टन बोला गया। अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 55.31 डॉलर के भाव बोला गया।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत 121 रुपये बढ़कर 3,839.88 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं लगभग आठ रुपये प्रति क्विंटल गिरकर 2,836.26 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटे की कीमत 32 रुपये फिसलकर 3,284.14 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी।
सरसों तेल औसतन 88 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हो गया। सोया तेल 69 रुपये फिसला। वनस्पति में 139 रुपये की तेजी देखी गयी। पाम ऑयल पांच रुपये और सूरजमुखी तेल 61 रुपये की तेजी रही। मूंगफली तेल की कीमतों में टिकाव रहा।
दाल-दलहनों में मसूर दाल औसतन 126 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हो गयी। तुअर दाल 203 रुपये मजबूत हुई। चना दाल का भाव 119 रुपये और उड़द दाल का 74 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। मूंग दाल में तीन रुपये प्रति क्विंटल की नरमी देखी गयी।
गुड़-चीनी : बाजार में गुड़ की औसत कीमत 81 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चीनी भी 27 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
