मुंबई, 20 अगस्त (वार्ता) आईटी, एफएमसीजी और रियलिटी क्षेत्रों की कंपनियों में लिवाली से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी रही और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (सूचकांक) का निफ्टी-50 सूचकांक करीब चार सप्ताह बाद 25,000 अंक के पार बंद हुआ।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 213.45 अंक (0.26) प्रतिशत की तेजी के साथ 81,857.84 अंक पर पहुंच गया। आईटी सेक्टर में लिवाली से इंफोसिस और टीसीएस के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही।
नेशलन स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक कारोबार की समाप्ति पर 69.90 अंक यानी 0.28 फीसदी की बढ़त में 25,050.55 अंक पर रहा। यह गत 24 जुलाई के बाद पहली बार 25 हजार अंक के पार बंद हुआ है।
दोनों प्रमुख सूचकांकों में सुबह मामूली उतार-चढ़ाव था, लेकिन बाद में उनका ग्राफ लगातार ऊपर की ओर बढ़ता गया। मजबूत निवेश धारणा के कारण सेंसेक्स और निफ्टी-50 लगातार पांचवें दिन मजबूती के साथ बंद हुये हैं।
आईटी कंपनियों में निवेशकों ने जमकर लिवाली की और निफ्टी आईटी 2.69 प्रतिशत चढ़ गया। निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी रियलिटी में भी एक प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। बैंकिंग, वित्तीय सेवा, फार्मा और स्वास्थ्य क्षेत्र के सूचकांक लाल निशान में रहे।
सेंसेक्स 27.08 अंक की तेजी के साथ 81,671.47 अंक पर खुला। खुलने के तुरंत बाद यह 81,494.50 अंक तक उतर गया। इसका दिवस का उच्चतम स्तर 81,985.62 अंक रहा।
निफ्टी-50 सूचकांक 14.85 अंक की गिरावट में 24,965.80 अंक पर खुला। यह नीचे 24,929.70 अंक और ऊपर 25,088.70 अंक तक गया। ज्यादा शेयरों पर आधारित निफ्टी-100 सूचकांक भी 0.30 अंक की बढ़त में रहा। मझौली और छोटी कंपनियों में लिवाली से निफ्टी मिडकैप-50 में 0.57 फीसदी और स्मॉलकैप-100 में 0.46 फीसदी की तेजी रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंफोसिस के शेयर सबसे अधिक 3.88 प्रतिशत चढ़े। टीसीएस में 2.69 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलिवर में 2.48 प्रतिशत और एनटीपीसी में 2.10 प्रतिशत की मजबूती रही। टाटा स्टील, टेक महिंद्रा और इटरनल के शेयर भी बढ़त में बंद हुये।
बीईएल में सबसे अधिक 2.16 फीसदी, बजाज फाइनेंस में 1.64 प्रतिशत, टाटा मोटर्स में 1.49 प्रतिशत और ट्रेंट में 0.82 प्रतिशत की गिरावट रही। आईटीसी, बजाज फिनसर्व और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी टूट गये।
वैश्विक स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 1.51 प्रतिशत टूट गया। वहीं, हांगकांग के हैंगसेंग में 0.17 प्रतिशत और चीन के शंघाई कंपोजिट में 1.04 प्रतिशत की तेजी रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.28 प्रतिशत फिसल गया जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई में 0.26 प्रतिशत की मजबूती में था।
