
राजगीर में हमारी टीम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी: हरमनप्रीत सिंहराजगीर, 25 अगस्त (वार्ता) भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सोमवार को कहा कि भारतीय टीम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले रही है, टीम टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।
आज यहां एशिया कप 2025 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम के बिहार के राजगीर पहुंचने पर हरमनप्रीत ने कहा, “हमने बिहार में पहले कभी नहीं खेला है और यह देखकर बहुत खुशी हो रही है कि राजगीर एक साल के भीतर ही अपने दूसरे अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। यह खेल को समर्थन देने की सरकार की मंशा को दर्शाता है और हम पूरे टूर्नामेंट के दौरान यहां हॉकी प्रशंसकों के प्यार और समर्थन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि भारत ने जकार्ता में आयोजित पिछले संस्करण में कांस्य पदक जीता था, जहां 15 नए खिलाड़ियों वाली एक युवा टीम ने पोडियम पर स्थान हासिल करके अपने अभियान में जज्बा दिखाया था। हालांकि, इस बार विश्व कप क्वालीफिकेशन दांव पर होने के कारण हमारी सर्वश्रेष्ठ टीम यहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करेगी।
इस बीच भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने बिहार में पहली बार खेलने पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “हम इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए बिहार आकर बहुत खुश हैं। यह बहुत अच्छी बात है कि यहां अंतरराष्ट्रीय हॉकी की मेजबानी हो रही है और हम अपने खेल से इस क्षेत्र के लोगों को प्रेरित करना चाहते हैं इस टूर्नामेंट के लिए टीम की तैयारी ठोस रही है। हमारा दृष्टिकोण पेरिस ओलंपिक जैसा ही होगा।”
भारत को पूल ए में जापान, चीन और कज़ाकिस्तान के साथ रखा गया है, जबकि पूल बी में मलेशिया, कोरिया, बंगलादेश और चीनी ताइपे शामिल हैं।
