
छतरपुर। जिले में सोमवार सुबह से शुरू हुई बारिश लगातार जारी है। मौसम विभाग ने आज दिन में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि हवाएं करीब 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही हैं।
तेज बारिश से बांधों में बढ़ते पानी को देखते हुए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने उर्मिल बांध से पानी छोड़ने की सूचना दी है। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिंहपुर बांध के दो गेट खोल दिए गए। फिलहाल 150 घन मीटर प्रति सेकंड की दर से पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे उर्मिल नदी का जलस्तर लगभग 3 से 5 फीट तक ऊपर जा सकता है।
कैचमेंट एरिया में अच्छी बरसात होने से उर्मिल बांध से 4,672 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। प्रशासन ने नदी किनारे के ग्रामीणों, मछुआरों और चरवाहों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही रपटों में पानी भरने की आशंका को देखते हुए वाहनों और पशुओं को नदी पार न कराने की हिदायत दी गई है।
